UP Weather Today: लखनऊ समेत यूपी के 25 जिलों में आज-कल भारी बारिश के आसार, 7 सितंबर के बाद कमजोर होगा मानसून
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून इस समय पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। अगस्त के महीने में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से करीब 24 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 100 वर्षों में यह दूसरी बार है जब अगस्त में सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई है। इससे पहले वर्ष 2018 में अगस्त में 293.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि इस साल अगस्त में 291.3 मिमी वर्षा हुई।
सितंबर की शुरुआत में भी मानसून की सक्रियता बनी हुई है। एक और दो सितंबर को मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ दक्षिणी जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। रायबरेली और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सात सितंबर के बाद मानसून की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में प्रदेश में सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश होने की संभावना है।
लखनऊ और प्रयागराज में जमकर हुई बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, लखनऊ में बुधवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद दोपहर और शाम के समय राजधानी के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिली। इससे पहले मंगलवार को भी लखनऊ में भारी वर्षा हुई थी।
राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर तीन बजे तक 115.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, मिर्जापुर में सबसे ज्यादा 161 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। सीतापुर में 130.6 मिमी, चित्रकूट में 108 मिमी और बांदा में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम में आए इस बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र बताया जा रहा है। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश के साथ आसपास के राज्यों में भी देखने को मिल रहा है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को बांदा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बस्ती, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, झांसी और आसपास के जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की जरूरत है।